उदयपुर में महिलाओं के कपड़े पहनाकर अपराधियों का निकाला गया जुलूस
Share
आपसी रंजिश में तलवारबाजी और फायरिंग करने वाले आरोपी
उदयपुर, 1 नवम्बर: उदयपुर की हाथीपोल थाना पुलिस ने आपसी रंजिश के चलते तलवार से हमला और फायरिंग करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका अनोखा जुलूस निकाला। पुलिस ने तीनों आरोपियों को महिलाओं के कपड़े पहनाकर घटनास्थल और उन्हीं के क्षेत्र में पैदल घुमाया। इस दौरान महिलाओं के वेश में बदमाशों को देखकर स्थानीय लोग भी आश्चर्यचकित रह गए।
यह मामला 3 अक्टूबर को महावत वाड़ी निवासी मोहम्मद नाज़िब ने दर्ज करवाया था। नाज़िब ने बताया कि 2 अक्टूबर को रात 10 बजे वह अपने दोस्त मलिक हुसैन के साथ राजदर्शन होटल के बाहर दूध लेने गया था। तभी बाइक पर आए शोएब और अन्य युवकों ने उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि शोएब ने नाज़िब पर तलवार से हमला किया और एक अवैध पिस्टल से हवाई फायर भी किया। तलवार की धार कम होने के कारण नाज़िब को अंदरूनी चोटें आईं। नाज़िब ने पुलिस को बताया कि यह हमला उसके दोस्त मलिक हुसैन की आरोपी शाहिल और शोएब से पुरानी रंजिश के चलते किया गया था।
हाथीपोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इस बीच थानाधिकारी को सूचना मिली कि घटना को अंजाम देने वाले मोहम्मद राहिल, दानिश उर्फ आतंक सिलावट और मोहम्मद नदीम शहर से भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने लगातार दबिश देकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
रिमांड पर लेकर निकाला जुलूस
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया। रिमांड के बाद, पुलिस ने एक अनूठा कदम उठाते हुए तीनों आरोपियों को महिलाओं के वेशभूषा (कपड़े) में घटनास्थल और उनके निवास क्षेत्र में पैदल जुलूस के रूप में लेकर गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें इस हालत में देखा। पुलिस ने यह कार्रवाई अपराधियों के मन में डर पैदा करने और उन्हें सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा करने के उद्देश्य से की। पुलिस अब इन आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
