नांदिया में अधूरी नहर से किसानों की बढ़ी परेशानी
Share
माही विभाग की लापरवाही से ठप पड़ा काम, एईएन बोले– जल्द शुरू होगा निर्माण
बांसवाड़ा, 2 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा जिले की ग्राम पंचायत सियापुर के नांदिया गांव में सिंचाई के लिए बनाई जा रही नहर का निर्माण महीनों से अधूरा पड़ा है। माही विभाग की लापरवाही के कारण किसान इन दिनों सिंचाई को लेकर भारी संकट झेल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बोदला माइनर से निकलने वाली तीन किलोमीटर लंबी नहर का निर्माण कार्य अप्रैल में शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार ने केवल 300 मीटर तक काम कर उसे अधूरा छोड़ दिया। स्थानीय वार्ड पंच जितेंग पटेल ने बताया कि जेसीबी से दो किलोमीटर खुदाई होने के बावजूद पक्का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ, जबकि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार को कई बार शिकायत दी जा चुकी है।
किसानों का कहना है कि अधूरी नहर से पानी खेतों में भर जाने और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं, माही विभाग के एईएन संदीप सिंह ने बताया कि बारिश के कारण कार्य रुका था, जिसे अब एक-दो दिन में दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। किसानों ने विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
