पालना-गृह में छोड़ गई मां, दो दिन की बच्ची मिली
Share
एमजी अस्पताल के बाहर रखी थी नवजात; न्यूबॉर्न केयर यूनिट में भर्ती, हालत स्थिर
बांसवाड़ा, 2 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल में एक संवेदनशील घटना सामने आई, जहां एक अज्ञात महिला अपनी दो दिन की नवजात बच्ची को अस्पताल परिसर में बने पालना-गृह में छोड़कर चली गई। यह घटना शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे की है।
अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना वहां मौजूद मरीजों के परिजनों ने दी। तुरंत कार्रवाई करते हुए अस्पताल स्टाफ ने बच्ची को पालना गृह से निकालकर चिकित्सा जांच कराई। कार्यवाहक पीएमओ डॉ. आर.के. चौधरी ने बताया कि नवजात पूरी तरह स्वस्थ है और पुलिस को सूचना दे दी गई है।
डॉ. प्रफुलिता, सीनियर रेजिडेंट, गायनेकोलॉजी विभाग ने बताया कि ऑन-कॉल पीडियाट्रिशियन की जांच के बाद बच्ची को एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में भर्ती किया गया है। फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य और स्थिर बताई गई है।
डॉ. प्रफुलिता ने बताया कि बच्ची को छोड़ने वाली महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि प्रसव अस्पताल में हुआ था या बाहर। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
