331 किलो डोडा-चूरा पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार
Share
सोयाबीन भूसे में छिपा कर ले जा रहे थे माल, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
प्रतापगढ़, 2 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): प्रतापगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 331 किलो 870 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों भैयालाल (27) और गोपाल (42) निवासी साकरिया, थाना रठांजना को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की।
डीएसटी टीम की सूचना पर जलोदा जागीर थानाधिकारी मांगीलाल ने छोटीसादड़ी-साटोला मार्ग पर देवली सरहद में नाकाबंदी की। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर वाहन रोका और तलाशी ली।
तलाशी में ट्रॉली में रखे सोयाबीन भूसे के नीचे प्लास्टिक के 17 कट्टों में डोडा-चूरा भरा मिला। कुल वजन 331 किलो 870 ग्राम निकला। पुलिस ने डोडा-चूरा सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस तस्करों के नेटवर्क की जांच में जुटी है।
