कुएं में नहाने के दौरान तीन बच्चों की मौत
Share
मृतक में दो सगी बहनें, बारिश के बाद लबालब था कुआं, पैर फिसलने से हादसे की आशंका
सलूम्बर, 2 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): उदयपुर के निकटवर्ती सलूम्बर जिले में झल्लारा थाना क्षेत्र के घटेढ़ के धोला काकर गांव में रविवार देर शाम तीन बच्चों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। हादसे में दो सगी बहनें और एक पड़ोसी लड़का शामिल हैं। जानकारी के अनुसार बच्चे नहाने के लिए गए थे, लेकिन देर तक लौटने पर परिजन और ग्रामीणों ने उन्हें खोजा। बच्चों के शव कुएं में तैरते हुए मिले।
मृतकों में खुशबू (10) और माया मीणा (14) पुत्री चोखा मीणा सगी बहनें तथा लोकेश (13) पुत्र रूपलाल पड़ोसी लड़का थे। माया कक्षा 7वीं और खुशबू कक्षा 5वीं में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय टूटा महुड़ा में पढ़ती थीं।
उपसरपंच दामोदर लाल ने बताया कि रविवार को करीब 4 बजे बच्चे कुएं में नहाने गए थे। लगातार हुई बारिश के कारण कुआं लबालब भरा हुआ था। संभावना है कि पैर फिसलने से एक बच्चे को बचाने की कोशिश में बाकी दोनों की जान चली गई।
काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजन और ग्रामीण उन्हें तलाशने पहुंचे। बच्चों के शव कुएं में तैरते देख परिजन और ग्रामीण सदमे में रह गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।
झल्लारा थाना पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव सलूम्बर सरकारी हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाए। सोमवार को पोस्टमार्टम होगा और उसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रशासन ने ग्रामीणों और बच्चों के परिजनों को बारिश के बाद खुले कुओं और पानी भरे स्थानों से बच्चों को दूर रखने की चेतावनी दी है।
घटना ने ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से ऐसे खतरे वाले स्थानों पर बच्चों को अकेले नहीं भेजने की अपील की है।
