LOADING

Type to search

त्रिपुरा सुंदरी क्षेत्र में अवैध मार्बल खनन पर बड़ी कार्रवाई

Local

त्रिपुरा सुंदरी क्षेत्र में अवैध मार्बल खनन पर बड़ी कार्रवाई

Share

खनन विभाग ने मारी दबिश, दो पोकलेन मशीनें जब्त; माफियाओं में मचा हड़कंप
बांसवाड़ा, 5 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
बांसवाड़ा जिले के शक्तिपीठ मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के आसपास के क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही मार्बल खदानों पर मंगलवार को खान विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद माइनिंग इंजीनियर (एमई) गौरव मीणा के निर्देश पर फोरमैन धर्मसिंह प्रजापत के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम को देखते ही अवैध खनन में जुटे लोग मौके से भाग गए।
कार्रवाई के दौरान विभागीय दल ने अवैध खनन में उपयोग हो रही दो पोकलेन मशीनों को जब्त किया। एमई गौरव मीणा ने बताया कि विभाग क्षेत्र में अवैध खनन पर कड़ी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि जब्त मशीनों के मालिकों पर नियमों के अनुसार कठोर पेनल्टी लगाई जाएगी और आगे भी ऐसे खनन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
राजस्व और पर्यावरण की रक्षा पर जोर
मीणा ने बताया कि त्रिपुरा सुंदरी क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि सरकारी राजस्व की भी हानि हो रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बख्शी नहीं जाएगी।
ओवरलोड वाहनों से सड़कें जर्जर
स्थानीय लोगों ने बताया कि तलवाड़ा से त्रिपुरा सुंदरी मार्ग पर रोजाना सौ से अधिक ओवरलोड मार्बल वाहनों की आवाजाही से सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। खुले में रखा मार्बल कभी भी गिरकर बड़ा हादसा करा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *