कुवैत में काम के दौरान अप्रवासी युवक की दर्दनाक मौत
Share
चार दिन बाद पैतृक गांव पहुंचा शव, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
सागवाड़ा, 6 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले के चितरी कस्बे के एक अप्रवासी युवक की कुवैत में कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के चार दिन बाद गुरुवार को जब मृतक का शव गांव पहुंचा तो समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव का वातावरण देर तक गमगीन बना रहा।
जानकारी के अनुसार, चितरी निवासी राजेश पुत्र कचरू पाटीदार पिछले करीब 16 वर्षों से कुवैत में कार्यरत था। वह वहां एक निर्माण कंपनी में कार्य करता था और समय-समय पर अपने गांव आते-जाते रहता था। गत 3 नवम्बर को वह रोज की तरह अपने कार्यस्थल पर पहुंचा था। इसी दौरान निर्माणाधीन इमारत में काम करते समय सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुवैत में रह रहे उनके परिजनों और अप्रवासी समाज के सदस्यों अनिल पाटीदार, मावजी पाटीदार (चितरी), हकरजी पाटीदार (बड़गी), भरत पाटीदार (जोगपुर) और गौतम पाटीदार (उदैया) ने स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद राजेश का शव ताबूत में रखकर विमान से अहमदाबाद एयरपोर्ट लाया गया।
अहमदाबाद में मृतक के बड़े भाई रमेश पाटीदार, जो बहरीन में कार्यरत हैं, पहले ही पहुंच गए थे। चितरी से उप सरपंच रोहित पाटीदार, सुशील पाटीदार, डायालाल हेरिया और राजू पाटीदार सहित कई ग्रामीण शव लेने पहुंचे। एयरपोर्ट पर ताबूत देखते ही परिजनों की आंखें नम हो गईं।
गुरुवार सुबह शव गांव पहुंचा तो घर के आंगन में मातम पसर गया। परिजन व रिश्तेदार बेसुध होकर रो पड़े। गांववाले व समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। गमगीन माहौल में मृतक राजेश का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।
