LOADING

Type to search

उदयपुर में हाईवे से हटेंगे अवैध ढाबे और कट, सड़क सुरक्षा पर सख्त निर्देश

Local

उदयपुर में हाईवे से हटेंगे अवैध ढाबे और कट, सड़क सुरक्षा पर सख्त निर्देश

Share

उदयपुर, 6 नवम्बर: उदयपुर में राज्य सरकार के निर्देशों के तहत गुरुवार को संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क हादसों को रोकना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिले की सड़कों पर बने अवैध कटों को तुरंत बंद किया जाए ताकि अनियंत्रित वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके साथ ही उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स को पूरी तरह समाप्त करने, सड़कों के किनारों पर उगी झाड़ियों को हटाने और सड़क किनारे विचरण कर रहे पशुओं को शेल्टर होम में भेजने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों पर बने अवैध ढाबों को हटाने की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाए, क्योंकि ये ढाबे यातायात में अवरोध उत्पन्न कर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
केवलरमानी ने कहा कि ड्राइवरों की आंखों की नियमित जांच अनिवार्य की जाए ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं से होने वाले हादसे रोके जा सकें। उन्होंने टोल नाकों पर विशेष जांच अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। श्रम विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई भी वाहन चालक लगातार आठ घंटे से अधिक वाहन न चलाए, जिससे थकान के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि शहर में निर्धारित 60 किमी प्रति घंटे की गति सीमा से अधिक चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए और चालान काटे जाएं। यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुनीमचंद मीणा, समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *