चारभुजा मंदिर का निर्माण सांवलिया सेठ और अयोध्या मंदिर की तर्ज पर होगा
Share
1.61 करोड़ का विकास कार्य शुरू, पिंडवाड़ा के कारीगर करेंगे नक्काशी
छोटी सादड़ी, 7 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): छोटी सादड़ी शहर के ऐतिहासिक और आस्था के प्रतीक श्री चारभुजा मंदिर परिसर में 1.61 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्यों की शुरुआत शुक्रवार को भूमि पूजन के साथ की गई। यह परियोजना श्री चारभुजा मंदिर संघ के तत्वावधान में संचालित होगी, जिसका उद्देश्य मंदिर को अधिक भव्य, आकर्षक और सांस्कृतिक दृष्टि से सुदृढ़ बनाना है।
भूमि पूजन पंडित कैलाश चंद्र उपाध्याय ने विधि-विधानपूर्वक कराया। मंदिर संघ अध्यक्ष रमेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य अयोध्या के श्रीराम मंदिर और मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा। परिसर में धार्मिक सौंदर्य, पारंपरिक शिल्पकला और भक्तिभाव का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
योजना के तहत मंदिर में रंग मंडप का निर्माण होगा। दीवारों और स्तंभों पर चारभुजा भगवान और अन्य अवतारों की कलात्मक मूर्तियां और नक्काशी की जाएगी। परिसर में कबूतरों के लिए अलग आकर्षक संरचना भी तैयार की जाएगी।
नक्काशी और शिल्पकला का कार्य सिरोही जिले के पिंडवाड़ा के अनुभवी कारीगरों द्वारा किया जाएगा, जो अपनी उत्कृष्ट संगमरमर कला के लिए प्रसिद्ध हैं। मंदिर संघ के 51 सदस्य इस परियोजना को सामूहिक रूप से आगे बढ़ा रहे हैं।
अध्यक्ष रमेश उपाध्याय ने बताया कि चारभुजा मंदिर छोटीसादड़ी की आस्था और पहचान का केंद्र है। निर्माण पूर्ण होने पर यह न केवल भक्तों के लिए आध्यात्मिक अनुभव का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा देगा।
इस अवसर पर कालू लाल कुमावत, प्रदीप व्यास, अशोक सोनी, श्याम सुंदर अग्रवाल, शिव प्रसाद खींची, विजय अग्रवाल, निलेश सोनी, अमृतलाल बंडी और घनश्याम आंजना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
