नाश्ता करने के बाद 6 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, प्रार्थना सभा में गिरकर हुई बेहोश
Share
बांसवाड़ा के कस्तूरबा गांधी बालिका स्कूल में फूड पॉइजनिंग!
बांसवाड़ा, 7 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासी बालिका विद्यालय में शुक्रवार सुबह नाश्ता करने के बाद छह छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्राओं को चक्कर आने लगे, उल्टियां हुईं और कुछ बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह छात्राओं को नाश्ते में दूध और पोहा दिया गया था। नाश्ता करने के कुछ देर बाद प्रियंका मैड़ा, पायल मैड़ा, भूली चारेल, कविता डांगी, मनीषा कटारा और रक्षा मुनिया की तबीयत बिगड़ने लगी। सभी छात्राओं को तुरंत कुशलगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से छात्रा रक्षा मुनिया की हालत गंभीर होने पर उसे बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाकी पांच छात्राओं की स्थिति स्थिर बताई गई है।
विद्यालय वार्डन पुष्पा ने बताया कि प्रार्थना सभा के दौरान अचानक कई छात्राएं चक्कर खाकर जमीन पर गिर गईं। स्टाफ और प्रशासन ने तत्काल उन्हें संभालकर अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी राकेश कुमार न्योल अस्पताल पहुंचे और छात्राओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था की समीक्षा की और नाश्ते की गुणवत्ता, भोजन निर्माण प्रक्रिया तथा बीमारी के कारणों की तत्काल जांच के आदेश दिए।
फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग ने भी विद्यालय का निरीक्षण शुरू किया है। घटना के बाद अन्य छात्राओं के बीच दहशत का माहौल है। प्रशासन ने एहतियातन विद्यालय के भोजन की जांच रिपोर्ट आने तक रसोई संचालन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
