LOADING

Type to search

ज्योतिष के नाम पर 2 करोड़ की ठगी, शातिर गिरफ्तार

Local

ज्योतिष के नाम पर 2 करोड़ की ठगी, शातिर गिरफ्तार

Share

देशभर में 200 से अधिक लोगों को बनाया शिकार, ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ में डूंगरपुर पुलिस की बड़ी सफलता
डूंगरपुर, 7 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
डूंगरपुर जिले की चितरी थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ के तहत ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने देशभर में ज्योतिष और भविष्यवाणी के नाम पर 200 से अधिक लोगों से 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी की है। आरोपी पिछले दो साल से सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जाल में फंसा रहा था।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘शिव कृपा ज्योतिष संस्थान’ के नाम से लोगों को लुभाकर ठगी कर रहा है। पुलिस ने बांसवाड़ा निवासी निलेश जैन की शिकायत के आधार पर जांच शुरू की।
पीड़ित निलेश ने बताया कि एक साल पहले जीवन की समस्याओं के समाधान की तलाश में उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘शिव कृपा ज्योतिष संस्थान’ की एक रील देखी थी। उसमें जन्मकुंडली का विश्लेषण कर वैवाहिक व पारिवारिक समस्याओं के समाधान का दावा किया गया था। निलेश ने रील में दिए गए क्यूआर कोड से शुल्क जमा कराया, लेकिन न तो कोई ज्योतिषीय परामर्श मिला, न ही पैसे लौटाए गए। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने चितरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच में पाया कि उक्त आईडी चितरी निवासी कीर्तन लोहार के नाम से संचालित की जा रही थी। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने कबूल किया कि उसने देशभर में 200 से अधिक लोगों को झांसा देकर 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम ऐंठी है।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी कीर्तन लोहार ने दो वर्ष पहले ठगी का यह नेटवर्क शुरू किया था। उसके इंस्टाग्राम पर 60 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं, जिनमें से कई को उसने फर्जी भविष्यवाणियों और ज्योतिषीय परामर्श के नाम पर ठगा। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा ठगी की रकम कहां निवेश की गई है। यह गिरफ्तारी ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ के तहत डूंगरपुर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी साइबर सफलता मानी जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *