युवक की पीठ में फंसा रामपुरी चाकू
Share
डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर निकाला, पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी
डूंगरपुर, 7 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले के हड़मतिया मेले में दर्शन करने पहुंचे युवक पर दो बदमाशों ने रामपुरी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चाकू युवक की पीठ में ही फंस गया, जिसे डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर बाहर निकाला।
घटना दोवड़ा थाना क्षेत्र के हड़मतिया मेले की है। मांडवा हंगरी फला निवासी विष्णु पुत्र वालचंद परमार गुरुवार को मंदिर में दर्शन के लिए गया था। तभी पीछे से आए दो युवकों ने अचानक चाकू से उसकी पीठ पर वार कर दिया। हमले के बाद विष्णु लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलाई। पायलट शैलेश और ईएमटी निकुंज ने विष्णु को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी कर चाकू को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।
घटना की सूचना पर दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब फरार हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
