बांसवाड़ा में दो बाइक की भिडंत में महिला की मौत
Share
बेटी-जमाई सहित तीन लोग घायल, जयपुर मार्ग के उदपुरा के पास हुआ हादसा
बांसवाड़ा, 8 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा जिले के घाटोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात जयपुर मार्ग पर उदपुरा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 45 वर्षीय महिला कांता डामोर की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी, जमाई और दूसरी बाइक का चालक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार में चल रही दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ओर के सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
घायलों को एम्बुलेंस की मदद से घाटोल रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कांता डामोर को गंभीर अवस्था में भर्ती किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती रखा गया है।
मृतका कांता अपने जमाई और बेटी के साथ भगतपुरा में रिश्तेदारी से लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
घाटोल थाना पुलिस के एएसआई वीरभद्र सिंह ने बताया कि मृतका के देवर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। शनिवार दोपहर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस सड़क हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
