बांसवाड़ा में लूट गैंग का पर्दाफाश: तीन बदमाश गिरफ्तार, बाइक जब्त
Share
मकोड़िया पुल पर युवक से मारपीट कर छीने थे 11 हजार रुपए और मोबाइल
बांसवाड़ा, 9 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा जिले की सदर थाना पुलिस ने मारपीट कर लूट करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कुछ दिन पहले एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट की, नकदी और मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की है।
थानाधिकारी बुधाराम विश्नोई के अनुसार, यह कार्रवाई ऑपरेशन सुदर्शन चक्र के तहत की गई। पटेलिया निवासी मुकेश कलासुआ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 नवंबर की रात वह आंबापुरा से स्कूटी पर लौट रहा था, तभी मकोड़िया पुल के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उसे ओवरटेक कर गिरा दिया। उन्होंने गाली-गलौज कर मारपीट की और उससे 6,000 रुपए नकद व मोबाइल छीन लिया।
बदमाश यहीं नहीं रुके उन्होंने मुकेश को पहाड़ी पर ले जाकर धमकाया और उसके जीजा से ऑनलाइन 5,000 रुपए मंगवाए। इसके बाद मोबाइल गिरवी रखकर 4,000 रुपए और वसूल किए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर अंकलेश्वर निवासी मनोज उर्फ मनिया डामोर (18), अनिल मईड़ा (19) और सेवना निवासी राहुल सारेल (21) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से बाइक बरामद कर ली है और अन्य लूटा गया सामान व संभावित वारदातों की जांच जारी है।
