बिरसा मुंडा जयंती पर ‘धरती पुत्र वीर धनुर्धर कप’ का आगाज
Share
डूंगरपुर में 135 तीरंदाज खिलाड़ी लगाएंगे निशाना; प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने किया उद्घाटन
डूंगरपुर, 9 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर डूंगरपुर में शनिवार को ‘धरती पुत्र वीर धनुर्धर कप’ तीरंदाजी प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता डूंगरपुर शहर के लक्ष्मण मैदान में संपन्न हो रही है। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने किया।
कार्यक्रम में सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह मालविया, जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, एसपी मनीष कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में जिलेभर से 135 तीरंदाज खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
आयोजक समाजसेवी महेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में तीरंदाजी की प्रतिभा प्रचुर मात्रा में है, लेकिन अवसरों की कमी के कारण कई खिलाड़ी आगे नहीं आ पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है ताकि प्रतिभाशाली युवाओं को मंच मिल सके। प्रभारी मंत्री खराड़ी ने बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए खिलाड़ियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें और मेहनत के बल पर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करें।
