हिंदुस्तान जिंक इकाइयों के सीएसआर कोऑर्डिनेटर्स ने बनाई संघर्ष समिति
Share
बोनस, वेतन व सुविधाओं की मांग पर उठी आवाज; विभिन्न इकाइयों से 30 सदस्य हुए शामिल
गुड़ली, 9 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की विभिन्न इकाइयों में कार्यरत सीएसआर कोऑर्डिनेटर टीम ने अपनी मांगों को लेकर रविवार को सांवरियाजी मंदिर परिसर में एक अहम बैठक आयोजित की। बैठक में सीएसआर कोऑर्डिनेटर संघर्ष समिति का गठन किया गया।
अध्यक्ष भेरूलाल जाट ने बताया कि लंबे समय से कंपनी और समुदाय के बीच सेतु का कार्य कर रहे समन्वयकों को अन्य कर्मचारियों की तरह बोनस, वेतन एवं सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। इस कारण सीएसआर कार्यों से जुड़ी टीम में असंतोष बढ़ रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से समिति का गठन किया गया, जिसमें भेरूलाल जाट (दरीबा) अध्यक्ष, सियाराम जाट (चंदेरिया) व पन्नालाल मेघवाल उपाध्यक्ष, महेंद्र बारबर (देबारी) सचिव, जसराज रैगर सह सचिव और अन्नपूर्णा कुंवर (जावर माइंस) को कोषाध्यक्ष बनाया गया। बैठक में उत्तरा दशोरा, मोहन मीणा, कैलाश चंद्र प्रजापत, नरेंद्र मेनारिया, मनीष खारोल सहित दरीबा, जावर माइंस, चंदेरिया, चित्तौड़गढ़ व देबारी इकाइयों से 30 से अधिक कोऑर्डिनेटर मौजूद रहे। समिति ने तय किया कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति तय की जाएगी।
