पुलिस के सामने दो गुटों में चले लात-घूंसे
Share
दो युवकों के सिर में आई चोट, बहा खून; एक युवक को हिरासत में लिया
डूंगरपुर, 10 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर शहर के पुराने बस स्टैंड के पास सोमवार दोपहर सड़क पर दो गुटों के युवाओं में जमकर मारपीट हो गई। करीब 10 मिनट तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान लात-घूंसे चलते रहे, जिससे दो युवकों के सिर फूट गए और सड़क पर खून बह निकला। बीच सड़क हुए इस झगड़े से ट्रैफिक थम गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार पुराने बस स्टैंड के पास दो युवक अपनी-अपनी लारियां लगाकर सिंघाड़े बेचते हैं। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने अपने चार साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर दूसरे युवक की पिटाई शुरू कर दी। जवाब में दूसरे पक्ष ने भी हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं माने। इस दौरान दोनों पक्षों के दो युवकों के सिर फूट गए और सड़क पर खून बहने लगा। करीब 10 मिनट तक चले इस हंगामे के कारण मुख्य मार्ग पर जाम लग गया। बाद में ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही झगड़ा कर रहे युवक मौके से भाग निकले। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर जाम खुलवाया और मामले की जांच शुरू की है।
