LOADING

Type to search

प्रतापगढ़ में 63 किलो मिलावटी मावा-घी जब्त कर नष्ट

Local

प्रतापगढ़ में 63 किलो मिलावटी मावा-घी जब्त कर नष्ट

Share

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
प्रतापगढ़, 11 नवंबर :
प्रतापगढ़ जिले के घंटाली और पीपलखूंट क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग ने करीब 47 किलो खराब मावा और मिठाइयां, साथ ही 16 किलो अवधि पार घी और अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर नष्ट कर दी। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा के निर्देश पर की गई।
शादी समारोहों के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों के उपयोग की आशंका को देखते हुए विभाग ने क्षेत्र की विभिन्न मिठाई दुकानों, होटलों और किराना प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान बेसन, रिफाइंड सोयाबीन तेल, दूध पाउडर और नमक जैसे खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार पामेचा ने बताया कि निरीक्षण में फफूंद लगी हुई 47 किलो मावा और मावे की मिठाइयां खराब पाई गईं। इसके अतिरिक्त, लगभग 16 किलो घी, तेल और खोपरे का बूरा अवधि पार (एक्सपायर) मिला, जिसे तुरंत नष्ट कराया गया।
सभी खाद्य विक्रेताओं को सामग्री ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, किसी भी खाद्य पदार्थ को अखबार में न लपेटने और खाद्य लाइसेंस दुकान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने कहा कि कोटपा अधिनियम के उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी चालान तैयार किए गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *