खेल-खेल में खाए जहरीले बीज, 7 मासूम अस्पताल में भर्ती
Share
बांसवाड़ा के टामटिया गांव में हुई घटना, देर रात एमजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
अब सभी खतरे से बाहर
बांसवाड़ा, 12 नवम्बर : मासूमियत कभी-कभी हादसे का कारण बन जाती है। बांसवाड़ा जिले के पिपलखूंट थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में मंगलवार देर शाम ऐसा ही एक वाकया सामने आया, जब खेलते-खेलते एक ही परिवार के सात बच्चों ने रतनजोत के जहरीले बीज खा लिए। कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बच्चों की हालत नाजुक होने लगी।
घबराए परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी और बच्चों को पिपलखूंट के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मध्यरात्रि करीब 12 बजे महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल, बांसवाड़ा रेफर कर दिया।
एमजी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सभी को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया। अब सभी बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। भर्ती बच्चों में 2 वर्षीय पूजा पुत्री लालू, 3 वर्षीय जगदीश पुत्र लालू, 3 वर्षीय शिवानी पुत्री हीरालाल, 5 वर्षीय पप्पू पुत्र कचरू, 5 वर्षीय वासु पुत्र नाथु, 3 वर्षीय सोनाक्षी पुत्री राजू और 3 वर्षीय रुदाक्षी पुत्री राजू शामिल हैं। सभी टामटिया गांव के निवासी हैं।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार रतनजोत (जेट्रोफा) के बीज अत्यंत विषैले होते हैं, जिनके सेवन से बच्चों में उल्टी, चक्कर, पेट दर्द, सांस लेने में कठिनाई जैसी प्रतिक्रियाएं होती हैं। समय रहते अस्पताल पहुंचा दिए जाने के कारण सभी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।
डॉक्टरों ने परिजनों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे बच्चों को खेतों या खुले क्षेत्रों में पाए जाने वाले अज्ञात पौधों और फलों से दूर रखें तथा ऐसी किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
