तीन दौर की वार्ता के बाद हुआ भाजपा नेता ईनाणी का अंतिम संस्कार
Share
कलेक्ट्री परिसर में शव रखकर प्रदर्शन, चित्तौड़गढ़ के इतिहास में पहली बार; तीन दौर की वार्ता के बाद बनी सहमति
चित्तौड़गढ़, 12 नवम्बर: कोरियर व्यवसायी और भाजपा नेता रमेश ईनाणी की गोली लगने से हुई मृत्यु के बाद शहर में मंगलवार रात से ही आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया था। बुधवार को व्यापारियों और समाजजनों ने ईनाणी की हत्या के विरोध में कलेक्ट्री चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। कई दौर की वार्ता और प्रशासन के आश्वासन के बाद शाम को सहमति बनी और ईनाणी का अंतिम संस्कार मोक्षधाम में किया गया।
बुधवार सुबह से ही चित्तौड़गढ़ के बाजार बंद रहे। व्यापारी गोल प्याऊ चौराहे पर एकत्र होकर जुलूस के रूप में कलेक्ट्री पहुंचे और मानव श्रृंखला बनाकर विरोध दर्ज कराया। इसी बीच जब शव के चित्तौड़ पहुंचने की खबर मिली, तो बड़ी संख्या में लोग सेतु मार्ग स्थित आवास की ओर बढ़े। वहां एक निजी चिकित्सालय के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। इसके बाद भीड़ शव को लेकर सीधे कलेक्ट्री चौराहे पर पहुंची।
कलेक्ट्री के अंदर पहली बार रखा गया शव
चित्तौड़गढ़ के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब किसी प्रदर्शन में कलेक्ट्री परिसर के भीतर शव रखकर विरोध किया गया। दोपहर 12 बजे के बाद शव सहित एम्बुलेंस को परिसर में लाया गया और करीब साढ़े तीन घंटे तक वहीं रखा गया। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान एक डीप फ्रीजर भी मंगवाया, जिसे बाद में पुलिस की क्विक रेस्पांस टीम (क्यूआरटी) ने हटवाया।
सीआई पर गन तानने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान वृत्त निरीक्षक पर गन तानने का आरोप भी सामने आया। प्रदर्शनकारियों ने इस अधिकारी को निलंबित करने की मांग की और पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी से इस संबंध में वार्ता की। विशेष बात यह रही कि किसी एक मामले में पहली बार एसपी ने तीन बार प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। उन्होंने निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब साढ़े तीन बजे सहमति बनी और परिजन शव उठाने को तैयार हुए।
उत्तर प्रदेश का शार्ट शूटर गिरफ्तार
इस बीच, पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों में यूपी निवासी शार्प शूटर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उसकी बीयर पीने की आदत ने ही उसे बेनकाब कर दिया। वारदात से पहले उसने नई पुलिया स्थित वाइन शॉप पर बीयर पीते समय हेलमेट उतार दिया था, जिससे उसका चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। यही फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार शूटर को हर गाली बर्दाश्त थी, लेकिन ‘मां’ से जुड़ी गाली सुनते ही वह बेकाबू हो जाता था। इसी स्वभाव और असावधानी ने उसे गिरफ्तार करवा दिया।
