LOADING

Type to search

नांदिया में पोल गिरने से मारे गए बच्चों के शव समझाइश के बाद उठाए

Uncategorized

नांदिया में पोल गिरने से मारे गए बच्चों के शव समझाइश के बाद उठाए

Share

युवती की मौत पर लापरवाही के आरोप में जांच टीम गठित
बांसवाड़ा, 12 नवम्बर:
जिले में मंगलवार को हुई दो अलग-अलग मौतों के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम और जांच कार्रवाई को लेकर दिनभर तनाव और गहमागहमी का माहौल बना रहा। एक ओर ग्राम पंचायत सियापुर के नांदिया गांव में बिजली का पोल गिरने से मारे गए दो मासूमों के शवों का पोस्टमॉर्टम समझाइश के बाद हुआ, वहीं दूसरी ओर एमजी अस्पताल में ऑपरेशन के आठ दिन बाद युवती की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों के हंगामे के बीच मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम किया गया।
नांदिया हादसा: समझाइश के बाद हुआ मासूमों का पोस्टमार्टम
ग्राम पंचायत सियापुर के नांदिया गांव में मंगलवार को घर के बाहर खेल रहे रियान दायमा (3) और वियान निनामा (9) पर बिजली का पोल गिर गया था, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपने परिवार की इकलौती संतान थे। परिजन मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। दिनभर चली बातचीत के बाद डंपर मालिक और परिजनों के बीच समझौते के बाद बुधवार शाम दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक वियान के पिता गौतम निनामा की रिपोर्ट पर पुलिस ने डंपर मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती की मौत पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम
वहीं, रैयाना निवासी 20 वर्षीय मुस्कान की पथरी के ऑपरेशन के आठ दिन बाद हुई मौत को लेकर परिजनों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। उन्होंने डॉक्टर हितेन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की। जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव के निर्देश पर चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया और छह सदस्यीय जांच समिति गठित की गई। अस्पताल पीएमओ डॉ. दिनेश माहेश्वरी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोनों घटनाओं के बाद जिले में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन ने जांच पूरी कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *