LOADING

Type to search

नौकरानी निकली चोर गैंग की सरगना

Local

नौकरानी निकली चोर गैंग की सरगना

Share

-परिवार की गतिविधियों पर रखती थी नजर, रिश्तेदारों संग मिलकर रची चोरी की साजिश
उदयपुर, 15 नवम्बर:
उदयपुर शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में घर में चोरी और महिला पर हमले की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। घटना में मास्टरमाइंड कोई बाहरी नहीं, बल्कि घर में पिछले चार साल से काम कर रही नौकरानी सुजाता मीणा ही निकली। उसने अपने रिश्तेदारों और एक दोस्त के साथ मिलकर पूरे घर को निशाना बनाने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार तीन दिन पहले सूरजपोल क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी संजय अरोड़ा के घर में दो नकाबपोश युवक घुसे। उन्होंने संजय की 65 वर्षीय मां पर हमला कर अलमारी तोड़ने की कोशिश की। महिला के जोर से चिल्लाने पर आरोपी भाग निकले। शुरुआती जांच में वारदात को बाहरी बदमाशों की हरकत समझा जा रहा था।
सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज खंगाले तो पता चला कि घर की नौकरानी सुजाता घटना से आधा घंटा पहले बाहर फोन पर बात कर रही थी। शक गहराया तो पुलिस ने सुजाता से सख्ती से पूछताछ की। शुरुआत में वह टालमटोल करती रही, लेकिन तकनीकी सबूतों के बाद मामले का राज खुल गया।
जांच में सामने आया कि सुजाता ने घर के पैसे और ज्वैलरी के बारे में अपने चचेरे भाई अंकित मीणा को जानकारी दी थी। अंकित ने अपने दोस्त सूरज और कुलदीप को साथ लेकर प्लान बनाया। सुजाता ने घर की स्थिति, परिवार की दिनचर्या और अलमारी की लोकेशन तक सब बताया था। वारदात के दिन वह खुद घर में मौजूद थी, ताकि मौके पर नजर रख सके।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुजाता मीणा, उसकी दोस्त रोहिणी और आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अंकित और कुलदीप फरार बताए जा रहे हैं। टीम ने वारदात में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल भी जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि सुजाता घर में पूरी तरह विश्वास जीत चुकी थी और इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने पूरी चोरी का ब्लूप्रिंट तैयार किया।
अभी तक पकड़ में नहीं आई है करिश्मा
शहर में पहले भी एक नौकरानी करिश्मा अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक मिनरल व्यापारी के घर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो चुकी है, जिसे पुलिस आज तक नहीं पकड़ पाई। पुलिस के अनुसार करिश्मा देश की सरहद पार कर नेपाल भाग चुकी है और उसे वहां से लाने की प्रक्रिया जारी है। घटना को लंबा अरसा बीत चुका है। अब पुलिस की ये प्रक्रिया और कितनी लंबी होगी ये तो वक्त ही बताएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *