उदयपुर आगार से पूरे संभाग में शुरू होगा इलेक्ट्रिक बसों का सफर
Share
जनवरी 2026 में इंटरसिटी कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रदेश को मिलने वाली हैं 300 इलेक्ट्रिक बस
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 16 नवम्बर: राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) अपने बेड़े में 300 इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने जा रहा है। इन बसों को अनुबंध पर लिया जाएगा और यह इंटरसिटी संचालन के लिए इस्तेमाल होंगी।
नवीनतम बसें 200 से 225 किमी के दायरे में स्थित शहरों को जोड़ेंगी। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए शहरों में अलग चार्जिंग सिस्टम नहीं बनाया जाएगा, बल्कि बसें अपने स्टेशनों पर चार्ज की जाएंगी। उदयपुर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग सिस्टम का काम लगभग पूरा होने को है। उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी 2026 से उदयपुर से भी इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी। संभावना जताई जा रही है कि उदयपुर से दो सौ किलोमीटर के दायरे में आने वाले शहर नाथद्वारा, सांवलियाजी, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, सलूम्बर और बांसवाड़ा के लिए इन्हें संचालित किया जा सकता है। इन बसों के संचालन के लिए वहां भी बस स्टैण्ड पर चार्जिंग सिस्टम बनाए जाने हैं।
सभी बस एसी होंगी, 48 यात्री बैठ सकेंगे
उदयपुर रोडवेज के मुख्य प्रबंधक हेमंत शर्मा के मुताबिक बसें अनुबंध के आधार पर संचालित की जाएंगी। अनुबंध की अवधि दस साल या अधिकतम 14 लाख किलोमीटर होगी। सभी बसें एसी श्रेणी की होंगी, जिनमें एक बार में 48 यात्री बैठ सकेंगे। एक बार चार्ज होने के बाद 225 किलोमीटर चलेगी और रोज कम से कम 400 किमी का संचालन करेगी। चार्जिंग के लिए बस को यात्रा शुरू होने और बंद होने पर दो घंटे का समय मिलेगा।
जल्द ही उदयपुर डिपो को मिलेंगी दस नई डीजल बस
राजस्थान रोडवेज को जनवरी 2026 तक 200 डीजल बस मिलने जा रही हैं। इनमें एसी, डीलक्स, एसी स्लीपर और ब्लू लाइन श्रेणी की शामिल है। इनमें दस बस उदयपुर डिपो को मिलेंगी, जिनमें से चार बस एसी होंगी।
