मजाक—मजाक में दोस्त के हाथ से चली पिस्टल, युवक की मौत
Share
खेत पर मोटर ठीक करने आए थे, हो गया हादसा
उदयपुर, 16 नवम्बर: उदयपुर शहर के देबारी क्षेत्र में रविवार को हुई घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। युवक प्रताप सिंह देवड़ा की गोली लगने से मौत हो गई, लेकिन इस मामले में सामने आया सच और भी चौंकाने वाला रहा। घटना किसी दुश्मनी या आपसी रंजिश का परिणाम नहीं, बल्कि तीन दोस्तों के बीच मजाक-मस्ती के दौरान हथियार से खिलवाड़ का नतीजा बताई जा रही है।
प्रतापनगर थानाधिकारी राजेन्द्र चारण के अनुसार मृतक प्रताप सिंह के खेत पर कुएं की मोटर खराब हो गई थी। इसे ठीक करने के लिए उसका करीबी दोस्त राजेंद्र सिंह खेत पर पहुंचा। वहीं, कुछ देर बाद उनका तीसरा दोस्त जिगर जोशी भी खेत पर आ गया। जिगर के पास निजी पिस्टल थी, जिसे लेकर पहले तो तीनों दोस्तों के बीच मजाक चलता रहा।
बताया जा रहा है कि मजाक-मस्ती में तीनों दोस्त पिस्टल को हाथ में लेकर देखने लगे और उसी दौरान जिगर जोशी के हाथ से अचानक ट्रिगर दब गया। पिस्टल से निकली गोली सीधे प्रताप सिंह देवड़ा को जा लगी। घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। गोली लगते ही प्रताप सिंह जमीन पर गिर पड़ा और राजेंद्र सिंह व जिगर जोशी दोनों हड़बड़ा गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ दोनों दोस्त तुरंत प्रताप को लेकर एमबी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों दोस्त पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल में ही रहे और पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और शुरुआती जांच में यह मामला लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस अभी भी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पिस्टल अवैध या वैध
कथित पिस्टल का लाइसेंस, पिस्टल की स्थिति, गोली कैसे चली यह सभी जांच का विषय है। मामले में जिगर को हिरासत में ले लिया गया है। घटना को लेकर चर्चा में नई जेनरेशन है जिसे पिस्टल का शौक चढ़ रहा है और शौक जानलेवा बन रहा है। खबर लिखे जाने तक मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था।
