LOADING

Type to search

लक्ष्मीपुरा में पैंथर का महिला सहित तीन लोगों पर हमला

Local

लक्ष्मीपुरा में पैंथर का महिला सहित तीन लोगों पर हमला

Share

महिला पर किया था हमला, बचाव करने आए पिता-पुत्र भी घायल
आग लगा कर भगाया पैंथर को

लसानी, 17 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
राजसमंद जिले के देवगढ़ उपखंड क्षेत्र की इशरमंड ग्राम पंचायत के लक्ष्मीपुरा गांव में सोमवार सुबह एक पैंथर द्वारा किए गए हमले में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। चारा काट रही महिला पर अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। महिला को बचाने पहुंचे पिता-पुत्र पर भी पैंथर ने झपटा मारकर घायल कर दिया। बाद में आग की लपटें देखकर पैंथर जंगल की ओर भाग गया।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुरा निवासी डाली देवी पत्नी चिमन सिंह खेत में चारा काट रही थीं, तभी घात लगाए बैठे पैंथर ने उन पर हमला कर दिया। उनके चीखने की आवाज सुनकर पास ही काम कर रहे पूरण सिंह और उनके पुत्र परवीन सिंह मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर पैंथर को भगाने का प्रयास किया। पैंथर उन पर भी टूट पड़ा, जिससे दोनों घायल हो गए। पैंथर लगातार हमला करता रहा, ऐसे में परवीन सिंह ने चारे में आग लगा दी। आग की लपटें उठते ही पैंथर पीछे हटकर जंगल की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया। देवगढ़ से पहुंची एम्बुलेंस ने तीनों घायलों को देवगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। पूरण सिंह को गंभीर चोटें आई हैं।
उधर, पैंथर को भगाने के लिए लगाई गई आग कुछ ही देर में विकराल रूप ले बैठी। गौ रक्षा हिंदू दल राजसमंद के जिलाध्यक्ष शेर सिंह चुंडावत, दिनेश सुथार व अन्य ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बढ़ती गईं। सूचना पर देवगढ़ नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार पैंथर पिछले कई दिनों से गांव के आसपास घूम रहा था। पूर्व में भी विद्यालय के पास माइंस क्षेत्र में पैंथर और उसके शावकों का डेरा देखा गया था। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग द्वारा माइंस क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया था, परंतु पैंथर उसमें कैद नहीं हुआ।
घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी और कार्मिक मौके पर पहुंचे तथा गांव के बाहर नया पिंजरा लगाया गया। पैंथर के लगातार दिखने और हमले के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *