LOADING

Type to search

गेपसागर पाल पर फूटी मुख्य पेयजल पाइपलाइन

Local

गेपसागर पाल पर फूटी मुख्य पेयजल पाइपलाइन

Share

सीवरेज खुदाई की लापरवाही से हजारों लीटर पानी बर्बाद
डूंगरपुर, 18 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क)
: डूंगरपुर शहर के गेपसागर की पाल पर मंगलवार सुबह बड़ी लापरवाही सामने आई, जिसके कारण पानी सप्लाई की मुख्य पाइपलाइन टूट गई और हजारों लीटर साफ पेयजल व्यर्थ बह गया। पानी की सप्लाई शुरू होते ही पाइपलाइन से पानी फव्वारे की तरह निकलने लगा और देखते ही देखते पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई, जिससे राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीवरेज खुदाई बनी बर्बादी का कारण
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में चल रहे सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के काम में ठेकेदार द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है। गेपसागर पाल पर जेसीबी से खुदाई के दौरान जलदाय विभाग की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन ठेकेदार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इस गैरजिम्मेदाराना खुदाई का नतीजा यह हुआ कि मंगलवार सुबह सप्लाई शुरू होते ही क्षतिग्रस्त हिस्सा फूट गया। यह सड़क नए व पुराने शहर के साथ-साथ कई गांवों को भी जोड़ती है, जिससे पानी और कीचड़ फैलने के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया।
जलापूर्ति बाधित होने की आशंका
सीवरेज कार्य की इस लापरवाही से न केवल पेयजल की गंभीर बर्बादी हुई है, बल्कि कई क्षेत्रों में जलापूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने तुरंत जलदाय विभाग को शिकायत की। जलदाय विभाग के एक्सईएन मूलचंद रोत ने बताया, “रूडीफ की ओर से सीवरेज लाइन की खुदाई के दौरान मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। सुबह सप्लाई शुरू होने पर पानी बहने लगा, जिसे देखते ही तुरंत सप्लाई बंद कर दी गई और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।” हालांकि, इस क्षति के कारण कई क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक सप्लाई बाधित रहने की संभावना है, जिससे लोगों को पेयजल के लिए परेशानी झेलनी पड़ सकती है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि सीवरेज कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *