LOADING

Type to search

एक क्लिक में मिलेगा 100 साल का रिकॉर्ड

Local

एक क्लिक में मिलेगा 100 साल का रिकॉर्ड

Share

डूंगरपुर नगर परिषद ने शुरू किया डिजिटलाइजेशन अभियान
10 लाख की लागत से 100 वर्ष पुराने दस्तावेज होंगे सुरक्षित; छह माह में पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध
डूंगरपुर, 23 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
डूंगरपुर नगर परिषद ने करीब 100 साल पुराने राजस्व और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को डिजिटलाइज करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रिकॉर्ड स्कैनिंग का काम शुरू हो गया है, जिससे आने वाले महीनों में सभी दस्तावेज सुरक्षित डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगे।
नगर परिषद लंबे समय से रिकॉर्ड रूम में रखे कागजी दस्तावेजों के खराब होने की समस्या से जूझ रहा था। राजस्व, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नक्शे और रियासतकालीन दस्तावेजों सहित 100 वर्ष पुराने रिकॉर्ड फंगस, धूल और रसायनों के कारण नष्ट होने लगे थे। कई कागजों की स्याही उड़ चुकी थी और किसी दस्तावेज को खोजने में दो से तीन दिन लग जाते थे। इन चुनौतियों को देखते हुए सभापति अमृत कलासुआ और आयुक्त प्रकाश डूडी ने रिकॉर्ड को डिजिटलाइज करने का निर्णय लिया।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 लाख रुपये की लागत से यह काम अजमेर की एक फर्म को सौंपा गया है। फर्म की चार सदस्यीय टीम आधुनिक स्कैनर, कैमरा और कंप्यूटर उपकरणों की मदद से एक-एक दस्तावेज को डिजिटल कर रही है। तैयार डिजिटल रिकॉर्ड दो अलग-अलग हार्डडिस्क में नगर परिषद को सौंपा जाएगा, जिससे डेटा का सुरक्षा स्तर दोगुना हो जाएगा।
डिजिटलाइजेशन पूरा होने के बाद जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भूमि रिकॉर्ड, पुराने नक्शे, नगरपालिका की फाइलें और शहरी विकास से जुड़े दस्तावेज एक क्लिक में उपलब्ध रहेंगे। सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े कामों में लगने वाला समय भी काफी कम होगा। डूंगरपुर नगर परिषद उदयपुर संभाग का पहला निकाय है जिसने इतने बड़े स्तर पर रिकॉर्ड डिजिटलाइजेशन का कार्य शुरू किया है। इससे पहले शेखावाटी, अजमेर और जयपुर क्षेत्रों के कुछ निकाय इस प्रक्रिया को अपनाते रहे हैं।
डिजिटल रिकॉर्ड केंद्र सरकार के पोर्टल से भी जुड़ जाएगा, जिससे पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी।
सभापति अमृत कलासुआ ने कहा कि डिजिटलाइजेशन से समय की बचत होगी और आमजन को बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि रिकॉर्ड शत-प्रतिशत सुरक्षित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी समाधान उपलब्ध होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *