शहर के बीचोंबीच पकड़ी शराब की गाड़ी, दस्तावेज देखते ही छोड़नी पड़ी
Share
सरकारी डिपो से नियमानुसार ले जाई जा रही थी खेप
उदयपुर, 24 नवम्बर: पुलिस ने सोमवार को उदयपुर शहर के बीचोंबीच नाड़ाखाड़ा में एक पिकअप को अवैध शराब परिवहन की आशंका में पकड़ लिया। लेकिन, कुछ ही देर में जब दस्तावेज सामने आए तो गाड़ी को तुरंत छोड़ा गया। दरअसल, गाड़ी सरकारी डिपो से नियमानुसार दुकान तक शराब की खेप ले जा रही थी।
जिला पुलिस की डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) को सूचना मिली थी कि शहर में अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। इस पर टीम ने संदिग्ध पिकअप का पीछा किया और नाड़ाखाड़ा चौराहे पर उसे रोक लिया। वाहन में 22 पेटियां विभिन्न ब्रांड की शराब भरी हुई थीं, जिसके चलते प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। सूचना पर सूरजपोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पिकअप को थाने ले जाया गया। जांच के दौरान वाहन के मालिक ने थाने पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। सत्यापन में सामने आया कि यह पूरी खेप बलीचा स्थित सरकारी गोदाम से विधिवत बिल पर हाथीपोल की एक अधिकृत शराब दुकान के लिए भेजी गई थी। निर्धारित रूट के अनुसार पिकअप पटेल सर्कल, सूरजपोल, बापूबाजार होते हुए हाथीपोल की तरफ जा रही थी।
जांच में सभी दस्तावेज सही पाए जाने के बाद पुलिस ने वाहन और चालक दोनों को मुक्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, किसी व्यक्ति ने शराब तस्करी की आशंका जताते हुए पुलिस को गलत सूचना दी थी, जिसके आधार पर DST ने कार्रवाई की। हालांकि, पुलिस के शराब की गाड़ी नाड़ाखाड़ा क्षेत्र में पकड़े जाने की जानकारी शहर में हवा की तरह फैली, जिससे लोगों में यह चर्चा हो चली कि शहर के व्यस्त बाजार में पहली बार ऐसा मामला सामने आया है।
