दो युवकों से 46 लाख रुपये बरामद
Share
उदयपुर, 24 नवम्बर: जावर माइंस थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान दो युवकों से 46 लाख रुपए नकद बरामद किए। बिना वैध दस्तावेजों के बड़ी मात्रा में नकदी मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना सोमवार को केवड़ा चौकी क्षेत्र में हुई, जहां नियमित नाकाबंदी के दौरान एएसपी रतनलाल चावला और डीएसपी सराड़ा चांदमल सिंगारिया के मार्गदर्शन में टीम कार्यरत थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उदयपुर से बांसवाड़ा जा रही एक रोडवेज बस में दो युवक संदिग्ध बैग लेकर यात्रा कर रहे हैं।
सूचना पर DST, एटीएस यूनिट उदयपुर और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बस को रोककर तलाशी ली। बस में बैठे दो युवकों अनिल पुत्र लक्ष्मण पटेल (25) और नरेश पुत्र कालूजी पटेल (19) निवासी कुपड़ा थाना बांसवाड़ा सदर को जांच के दौरान संदिग्ध व्यवहार करते देखा गया।
पुलिस ने जब दोनों से बैग के बारे में पूछताछ की तो वे संतोषजनक जानकारी या कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाए। तलाशी में बैग से 500-500 रुपए की 92 गड्डियां मिलीं, जिनकी कुल राशि 46 लाख रुपए थी। मौके पर पूरी रकम की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कर राशि को जब्त किया गया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई गई और किसे सौंपने के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।
&&&&
