संस्कृति, नृत्य, संगीत और कला का होगा संगम होगा कुंभलगढ़ फेस्टिवल
Share
1 से 3 दिसंबर तक तीन दिवसीय महोत्सव, देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र
राजसमंद, 25 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): आगामी 1 से 3 दिसंबर तक कुंभलगढ़ दुर्ग में आयोजित होने वाले कुंभलगढ़ फेस्टिवल-2025 की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महोत्सव को भव्य, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में उप निदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, एसडीएम साक्षी पूरी, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलक्टर हसीजा ने निर्देश दिए कि महोत्सव में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को कोई असुविधा न हो। यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पानी-बिजली, सफाई और प्रकाश व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से महोत्सव का प्रचार बढ़ाने पर भी जोर दिया।
तीन दिवसीय महोत्सव में लोक नृत्य, लोक संगीत, शिल्प प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और नवीन आकर्षण शामिल होंगे। उप निदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि 1 दिसंबर को शाम 7 बजे मैत्रेयी पहाड़ी द्वारा विभिन्न नृत्य शैलियों का कोलाज प्रस्तुत किया जाएगा, 2 दिसंबर को लोकराग – संदीप रत्नू द्वारा लोक संगीत का नाट्य प्रस्तुतीकरण होगा, और 3 दिसंबर को नगाड़ा कॉन्सर्ट – डांसिंग पीकॉक द्वारा ड्रम ओडिसी का आयोजन किया जाएगा।
सफाई, मार्ग सुधार, प्रकाश, पार्किंग, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और भीड़ नियंत्रण के लिए विस्तृत प्रबंध किए जाएंगे। विभिन्न विभागों को विभागवार जिम्मेदारी सौंपी गई है, जैसे सड़क मरम्मत, पानी की उपलब्धता, पुलिस सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और होटलों में पर्यटकों तक महोत्सव की जानकारी पहुंचाना। महोत्सव के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित होगी और कुंभलगढ़ दुर्ग देशभर के पर्यटकों और कलाकारों का केंद्र बन जाएगा।
