कृषि मंडी स्वास्थ्य केंद्र पर ड्यूटी पर मौजूद था एक नर्सिंगकर्मी
Share
डॉक्टर सहित अन्य सभी कार्मिक गैर हाजिर, डिप्टी सीएमएचओ मौके पर पहुंचे, किया मरीजों का उपचार
उदयपुर, 25 नवंबर: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अशोक आदित्य ने सभी कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी चिकित्सा केंद्र में समय पर उपस्थित न होने वाले कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृषि मंडी पर ड्यूटी पर केवल एक ही नर्सिंगकर्मी मौजूद था। डॉक्टर के साथ अन्य सभी कर्मचारियों के नदारद रहने की सूचना मिली तो सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह और सहायक प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र सिंह सोलंकी को तत्काली मौके पर भेजा। जहां एक ही नर्सिंगकर्मी ही पाया गया। डॉक्टर एवं अन्य सभी कार्मिकों के अनुपस्थित होने की सूचना उन्होंने डॉ. आदित्य को दी। मौके पर मौजूद मरीजों का उपचार स्वयं डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह ने किया।
चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण करेंगे
कृषि मंडी के अस्पताल के हालात जानने के बाद सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने कहा कि जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में अचानक निरीक्षण जारी रखेंगे। जो भी कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में ढिलाई और लापरवाही अस्वीकार्य है।
