ट्रेन के टॉयलेट की छत से भारी मात्रा में शराब जब्त
Share
आबकारी विभाग व रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, इंदौर-असारवा ट्रेन से तस्करी का पर्दाफाश
डूंगरपुर, 26 नवंबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले में आबकारी विभाग और रेलवे पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इंदौर से असारवा जा रही ट्रेन में छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। कार्रवाई डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर कोच नंबर एस-3 की तलाशी के दौरान की गई, जहां शराब को थैलों और कट्टों में भरकर ट्रेन के टॉयलेट की छत पर बड़ी ही चालाकी से छिपाया गया था।
आबकारी सीआई राहुल शर्मा ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर-असारवा ट्रेन के जरिए शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना पर आबकारी विभाग की टीम रेलवे पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र सिंह रत्नाकर की टीम के साथ स्टेशन पहुंची और कोच की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान टॉयलेट की छत पर 184 बीयर के कैन और 393 पव्वे अंग्रेजी शराब के मिले।
शराब को जब्त कर नीचे उतार लिया गया है। आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। विभाग का मानना है कि तस्कर रेलवे मार्ग का दुरुपयोग कर लंबे समय से तस्करी कर रहे थे, जिसकी अब जांच की जाएगी।
