LOADING

Type to search

उदयपुर कोर्ट में हंगामा: वकीलों ने DSP की गाड़ी रोकी

Local

उदयपुर कोर्ट में हंगामा: वकीलों ने DSP की गाड़ी रोकी

Share

वकील से मारपीट मामले में दबाव के बाद हेड कॉन्स्टेबल लाइन हाजिर; चेतावनी—अब पुलिस कोर्ट में प्रवेश न करे
उदयपुर, 2 दिसंबर:
नाई थाना क्षेत्र में वकील से मारपीट के मामले ने सोमवार को उदयपुर कोर्ट परिसर में तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया। आक्रोशित वकीलों ने डीएसपी गोपाल चंदेल की सरकारी गाड़ी रोक ली और सामने खड़े होकर नारेबाजी शुरू कर दी। तीन दिन पुरानी घटना में नाई थाने के हेड कॉन्स्टेबल पवन यादव पर कार्रवाई की मांग को लेकर वकील करीब एक घंटे तक अड़े रहे।
डीएसपी ने स्थिति बिगड़ते देख एसपी योगेश कुमार को पूरा मामला बताया। दबाव बढ़ने पर हेड कॉन्स्टेबल को तत्काल लाइन हाजिर करने का आदेश जारी हुआ, जिसे डीएसपी ने अपने मोबाइल पर वकीलों को दिखाया। इसके बाद ही वकील शांत हुए और चंदेल वहां से रवाना हो सके।
पीड़ित एडवोकेट धर्मेंद्र धाबाई ने बताया कि 29 नवंबर की रात हवाला क्षेत्र में उनके भाई के रेस्टोरेंट पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। रिपोर्ट दर्ज कराने नाई थाने पहुंचे तो हेड कॉन्स्टेबल ने अपराधी जैसा व्यवहार करते हुए थप्पड़ जड़ दिया और कहा कि उनके खिलाफ रिपोर्ट है। धाबाई का आरोप है कि उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वरिष्ठ अधिवक्ता चेतनपुरी गोस्वामी ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस का ऐसा व्यवहार जारी रहा तो भविष्य में कोई भी पुलिसकर्मी को कोर्ट परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट भी पुलिस को जनता के साथ बेहतर व्यवहार की ट्रेनिंग देने की नसीहत दे चुका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *