LOADING

Type to search

सरिए से ATM तोड़ने की कोशिश, सफल नहीं हुआ अपराधी

Local

सरिए से ATM तोड़ने की कोशिश, सफल नहीं हुआ अपराधी

Share

20 मिनट तक सरिए से तोड़ता रहा नकाबपोश, एटीएम नहीं टूटा; गार्ड न होने से बढ़ा जोखिम
उदयपुर, 2 दिसंबर :
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में देर रात एटीएम मशीन तोड़ने की असफल कोशिश का मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाश करीब 20 मिनट तक लोहे के सरिए से एटीएम तोड़ने की कोशिश करता रहा, लेकिन मशीन मजबूत होने के कारण वह सफल नहीं हो सका और खाली हाथ भाग गया। पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह वारदात सांगवा मार्ग स्थित हिताची कंपनी के एटीएम पर 1:15 बजे रात को हुई। सुबह जब एक व्यक्ति पैसे निकालने पहुंचा तो मशीन को क्षतिग्रस्त देख चौंक गया और तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम की जांच की। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रीको चौकी प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल रतनलाल जाट ने बताया कि वे रात लगभग 2:30 बजे गश्त के दौरान मौके से गुजरे थे, जहां एटीएम टूटे हुए रूप में मिला। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी। जाट ने बताया कि सभी बैंकों और कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि एटीएम रात 10 बजे के बाद खुला रखा जाए तो हथियारबंद गार्ड अनिवार्य है, लेकिन इस एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था।
एटीएम फ्रेंचाइजी संचालक श्यामलाल डांगी ने कहा कि कंपनी ने गार्ड लगाने के निर्देश नहीं दिए थे और गार्ड रखने में उनका आर्थिक नुकसान होता। अब वे इस एटीएम को रात 10 बजे के बाद बंद रखने का फैसला कर चुके हैं। उन्होंने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है और पुलिस आरोपी की पहचान के लिए फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *