UDA ने किश्त नहीं भरने पर रद्द किए 96 फ्लैट्स
Share
प्रधानमंत्री आवास योजना के EWS आवंटियों पर कार्रवाई; अगले ड्रॉ में दूसरों को मिलेगा मौका
उदयपुर, 2 दिसंबर: उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत EWS श्रेणी में आवंटित 96 फ्लैट्स का आवंटन रद्द कर दिया है। यूडीए ने यह कार्रवाई इसलिए की है क्योंकि इन आवंटियों ने आवंटन पत्र में उल्लेखित किश्तों में से एक भी किश्त जमा नहीं कराई। प्राधिकरण के रिकॉर्ड की जांच में यह स्पष्ट होने के बाद सभी 96 फ्लैट्स तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए।
यूडीए कमिश्नर राहुल जैन ने बताया कि आवास योजना के तहत समय-समय पर ई-लॉटरी से लाभार्थियों को फ्लैट आवंटित किए गए थे, लेकिन कई लाभार्थी किश्तें जमा नहीं कर रहे थे। योजना की शर्तों के अनुसार किश्तें जमा नहीं करने पर आवंटन स्वतः रद्द किया जा सकता है, जिसे अब लागू किया गया है।
अब आगे क्या होगा
यूडीए की हुडको शाखा इन 96 रद्द फ्लैट्स को अगली ई-लॉटरी में फिर शामिल करेगी, जिससे नए आवेदकों को मौका मिलेगा। इससे EWS श्रेणी के वास्तविक जरूरतमंद आवेदकों को लाभ मिल सकेगा।
तीन नई योजनाओं की लॉटरी इसी महीने
यूडीए ने बताया कि उसकी तीन आवासीय योजनाओं—साउथ एक्सटेंशन, उद्यम विहार और नान्देश्वर एनक्लेव—की स्थगित ई-लॉटरी भी इसी महीने निकाली जाएगी। इन योजनाओं में कुल 1109 आवासीय भूखंड आवंटित किए जाएंगे। लॉटरी की नई तारीख, समय और स्थान की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी। यूडीए की इस कार्रवाई के बाद अब कई आवेदकों के लिए नए अवसर खुलने जा रहे हैं।
