धरियावद के मुनिया ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर लगाया ताला
Share
शिक्षिकाओं को हटाने की मांग पर CBEO ने किया तबादला
प्रतापगढ़, 2 दिसम्बर ((विजन 360 न्यूज डेस्क): धरियावद ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुनिया के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल जायाखेड़ा में ग्रामीणों ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। ग्रामीण स्कूल की व्यवस्थाओं और दो शिक्षिकाओं के आपसी मनमुटाव के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
तालेबंदी की सूचना मिलते ही मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) राम मोहन मीणा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने एक लिखित पत्र सौंपा, जिसमें दोनों शिक्षिकाओं को तुरंत हटाने की मांग की गई। उनका आरोप था कि शिक्षिकाएं बच्चों को पढ़ाई में उचित ध्यान नहीं देतीं और उनके झगड़े का असर विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत और लिखित पत्र के आधार पर CBEO राम मोहन मीणा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिक्षिकाओं अनुराधा और दीपिका को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तबादला कर दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान विद्यालय के विद्यार्थी तालेबंदी के कारण बाहर सड़क पर बैठे रहे।
CBEO मीणा ने ग्रामीणों से संवाद कर ताला खुलवाया और विद्यालय में बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना। इस कदम से स्कूल की पढ़ाई में व्यवधान कम होगा और बच्चों की शिक्षा पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
