यूरिया खाद की किल्लत पर किसानों का हंगामा
Share
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, 8 पंचायतों के किसान परेशान
डूंगरपुर, 3 दिसम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): धावडी लेम्प्स से जुड़े 8 पंचायतों के किसानों ने बुधवार को यूरिया खाद की किल्लत के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और कहा कि फसल का महत्वपूर्ण चरण चल रहा है, ऐसे में यूरिया नहीं मिलने से खेती गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
6 लाख रुपए जमा, फिर भी नहीं मिला एक भी बैग
धावडी लेम्प्स के जिला अध्यक्ष देवीलाल पाटीदार ने बताया कि लेम्प्स क्षेत्र में धावडी, ओडवाडिया, देवसोमनाथ, फलोज सहित कुल 8 पंचायतें आती हैं। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर को लेम्प्स द्वारा डूंगरपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति के खाते में यूरिया खाद खरीद के लिए 6 लाख रुपए जमा कराए गए थे, लेकिन इसके बाद भी किसानों को यूरिया का एक भी बैग उपलब्ध नहीं कराया गया। किसानों का कहना है कि वे फसल के अहम चरण में खाद के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सप्लाई नहीं मिलने के कारण उनकी फसलें खराब होने के कगार पर हैं।
रात्रि चौपाल में भी उठा था मुद्दा
किसानों ने बताया कि उन्होंने कई बार शिकायत दर्ज करवाई और रात्रि चौपाल में भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बावजूद संबंधित विभागों ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। प्रदर्शन के बाद किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए धावडी लेम्प्स में तुरंत यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग रखी। कलेक्टर ने किसानों को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
