नकली डिजिटल पेमेंट का नया हथकंडा
Share
गोगुंदा में कपड़ा व्यापारी से हजारों की ठगी
फर्जी UPI स्क्रीनशॉट दिखाकर फरार हुए युवक CCTV में कैद
गोगुंदा, 4 दिसम्बर : गोगुन्दा कस्बे में डिजिटल पेमेंट के नाम पर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय व्यापारियों में भय और सतर्कता दोनों बढ़ा दी है।
मुख्य बाजार स्थित श्री नाकोड़ा कलेक्शन एंड टेलर्स, गोगुंदा पर एक अनजान युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। युवक बाइक पर सवार था और खुद को सामान्य ग्राहक की तरह प्रस्तुत कर रहा था।
दुकान संचालक इंद्रलाल टेलर के अनुसार, युवक ने दुकान से 10 जोड़ी कपड़े 20,500 रुपए में खरीदे। पहले उसने 2,000 रुपए नकद दिए, जबकि शेष 18,500 रुपए फोन-पे के जरिये देने का दावा किया। भुगतान का नकली स्क्रीनशॉट दिखाकर उसने भरोसा दिलाया कि “सरवर डाउन है, इसलिए आपके खाते में मैसेज नहीं आया होगा।”
इंद्रलाल उस समय अन्य ग्राहकों में व्यस्त थे और युवक सभ्य व समझदार लग रहा था, इसलिए उन्हें कोई शक नहीं हुआ। लेकिन, करीब एक घंटे बाद भी उनके खाते में राशि नहीं आने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
व्यापारी ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें दो युवक रॉयल एनफील्ड पर सवार होकर बाजार से निकलते दिखाई दिए। फुटेज को सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद पीड़ित ने गोगुंदा थाने में अपने साथ हुई धोखाधड़ी की रिपोर्ट दी है। जिस पर पुलिस ने बुलेट बाइक के नंबर और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
