LOADING

Type to search

बिछीवाड़ा में ईसाई प्रार्थना करते 8 लोग हिरासत में

Local

बिछीवाड़ा में ईसाई प्रार्थना करते 8 लोग हिरासत में

Share

डायरी में ‘चर्च के लिए जमीन’का उल्लेख; हिंदू संगठनों ने धर्मांतरण का आरोप लगाया
डूंगरपुर, 7 दिसम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क)
: डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा क्षेत्र में एक कच्चे घर में ईसाई प्रार्थना करते मिले 8 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि आदिवासी परिवारों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। मौके से मिली डायरी में ‘चर्च के लिए जमीन चाहिए’ जैसे नोट मिलने पर संदेह और गहरा गया है। पुलिस ने सभी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि मिट्टी से बने एक घर में विशेष प्रकार की प्रार्थना की जा रही थी। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के सदस्य वहां पहुंचे और भीतर 2 महिलाओं, 4 पुरुषों तथा बच्चों को प्रार्थना करते पाया। इस दौरान एक महिला के पास कुछ धार्मिक पुस्तकें और डायरी भी मिलीं। पूछताछ में महिला ने अपना नाम संगीता खराड़ी बताया, जिस पर उपस्थित लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि ईसाई समुदाय में ऐसे नाम और सरनेम प्रचलित नहीं होते।
हंगामे के बीच एक व्यक्ति ने खुद को देवीलाल खराड़ी, आदिवासी हिंदू बताते हुए विरोध जताया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और शांति बनाए रखने के लिए 8 लोगों को डिटेन कर थाने ले गई।
डायरी में जमीन, बच्चों की लत और फाइनेंस रिलीफ का उल्लेख
हिंदू संगठनों के अनुसार, बरामद डायरी के एक पन्ने पर ‘बिछीवाड़ा में चर्च के लिए जमीन चाहिए’ लिखा है, जिससे मिशनरी गतिविधियों की आशंका जताई जा रही है। वहीं, दूसरे प्वाइंट में बच्चों को मोबाइल की लत से छुटकारा दिलाने की बात दर्ज है। संगठनों का कहना है कि ऐसे बहानों के जरिये आदिवासी समुदाय को धर्मांतरण की ओर आकर्षित किया जाता है। डायरी में ‘हर एक फाइनेंस रिलीफ पाए’ भी लिखा मिला है, जिसे वे आर्थिक प्रलोभन का संकेत बता रहे हैं। पुलिस डायरी और जब्त सामग्री की जांच कर रही है। फिलहाल सभी डिटेन व्यक्तियों से यह स्पष्ट किया जा रहा है कि वे केवल धार्मिक प्रार्थना कर रहे थे या इसके पीछे कोई संगठित गतिविधि संचालित हो रही थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *