डूंगरपुर में दो माह से बच्चों को नहीं मिल रहा दूध
Share
सीएम बाल गोपाल योजना ठप, ठेकेदार की लापरवाही से 1.5 लाख बच्चे प्रभावित
डूंगरपुर, 7 दिसम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले में मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना पिछले करीब दो माह से प्रभावित है। ठेकेदार की लापरवाही और शिक्षा विभाग की कमजोर निगरानी के कारण जिले के अधिकांश स्कूलों में मिल्क पाउडर की आपूर्ति बंद पड़ी है। इसका सीधा असर डेढ़ लाख से अधिक बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें प्रतिदिन मिलने वाला दूध नहीं मिल पा रहा।
जिले के 10 में से 9 ब्लॉकों में अगस्त के बाद से मिल्क पाउडर का एक भी पैकेट नहीं पहुंचा। ठेकेदार ने सत्र की शुरुआत में आपूर्ति की थी, लेकिन बाद में केवल डूंगरपुर ब्लॉक में सीमित मात्रा में मिल्क पाउडर भेजा। जिले के शिक्षा विभाग ने कुल 2,243 स्कूलों के 1,78,641 विद्यार्थियों के लिए 3,051 क्विंटल मिल्क पाउडर की मांग भेजी थी।
इसके बावजूद, ठेकेदार ने नवंबर में केवल डूंगरपुर ब्लॉक के 229 स्कूलों के 23,158 बच्चों के लिए 373 क्विंटल मिल्क पाउडर उपलब्ध कराया। बाकी 9 ब्लॉकों में एक भी पैकेट की आपूर्ति नहीं हुई, जिससे कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के गिलास दो महीने से खाली हैं।
मामले में विभागीय स्तर पर भी निगरानी की कमी सामने आई है। अधिकारियों की चुप्पी और ठेकेदार की उदासीनता के कारण योजना का उद्देश्य अधूरा रह गया है।
