LOADING

Type to search

नाबालिग पर हमले के बाद घर में घुसे तेंदुए की संदिग्ध मौत

Local

नाबालिग पर हमले के बाद घर में घुसे तेंदुए की संदिग्ध मौत

Share

दो घंटे तड़पने के बाद तेंदुए ने दम तोड़ा
कमरे में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
पोस्टमार्टम के लिए बांसवाड़ा अस्पताल भेजा
बांसवाड़ा, 7 दिसम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
बांसवाड़ा जिले के हीरजी दईड़ा गांव में रविवार सुबह एक तेंदुए ने घर के बाहर अलाव ताप रहे 15 वर्षीय नाबालिग पर हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को बचाने के लिए परिजन दौड़े तो तेंदुआ वहां से भागकर पास ही बने एक घर में घुस गया। ग्रामीणों ने तुरंत दरवाजा बंद कर उसे अंदर कैद कर दिया। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही तेंदुए की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
कमरे में तड़पता रहा तेंदुआ, उल्टी के बाद मौत
जिला वन्यजीव अधिकारी अभिषेक शर्मा के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सुबह 9 बजे मौके पर पहुंची। तेंदुआ जिस कमरे में छिपा था, उसका दरवाजा ग्रामीणों ने पहले ही बंद कर दिया था। टीम के पहुंचने पर तेंदुआ असामान्य हालत में दिखा। रेस्क्यू शुरू होने से पूर्व ही उसने कमरे में उल्टी की और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर किसी बाहरी चोट या घाव के निशान नहीं मिले हैं। तेंदुए के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बांसवाड़ा हॉस्पिटल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल
पीड़ित शांतिलाल (15) पुत्र मीठा लाल मईड़ा सुबह अलाव ताप रहा था, तभी तेंदुए ने अचानक झपट्टा मारा। परिजनों के चिल्लाने पर तेंदुआ भागकर घर में घुस गया और दरवाजा बंद कर दिया गया। शांतिलाल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके कई घावों पर टांके लगे हैं और इलाज जारी है।
कमरे में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
क्षेत्रीय वन अधिकारी सुरेश गरासिया ने बताया कि तेंदुआ कमरे में बंद होने के बाद लगातार इधर-उधर छटपटाता रहा। करीब दो घंटे बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, मुंह से झाग आने लगे और उल्टी करते ही वह गिर पड़ा। कमरे में सामान बिखरा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया होगा। मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *