दस्तावेजों की प्रामाणिकता के लिए भट्ट दम्पती को फिर मुम्बई ले जाएगी पुलिस
Share
भट्ट दंपती से आमने-सामने पूछताछ, 30 करोड़ ट्रांजेक्शन पर नए खुलासे
उदयपुर पुलिस दोनों को मुंबई ले जाएगी, फिल्म खर्च, वेंडर बिल और ट्रांजेक्शन की जांच तेज
उदयपुर, 10 दिसंबर: फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी पर दर्ज 30 करोड़ की धोखाधड़ी के मुकदमे में बुधवार का दिन जांच के लिहाज से बेहद अहम रहा। उदयपुर पुलिस ने दोनों को गवाहों के साथ आमने-सामने बैठाकर करीब दो घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान मूवी निर्माण से जुड़ी शर्तें, प्रोडक्शन खर्च, वेंडर्स के भुगतान, 30 करोड़ से अधिक के लेन-देन और अनुबंध संबंधी अहम बिंदुओं पर विस्तृत सवाल-जवाब किए गए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में कई वित्तीय लेन-देन और खर्चों के बिलों का उल्लेख सामने आया है, जिनकी प्रामाणिकता की जांच के लिए टीम को मुंबई जाना होगा। पुलिस अब भट्ट दंपती को वहीं ले जाकर स्टूडियो, ऑफिस और प्रोडक्शन से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने की तैयारी में है।
गौरतलब है कि इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन डॉ. अजय मुर्डिया ने 17 नवंबर को विक्रम भट्ट, उनकी पत्नी व अन्य छह लोगों पर मूवी बनाने के नाम पर निवेश राशि का दुरुपयोग करने और 30 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी। इसी प्रकरण में उदयपुर पुलिस ने 7 दिसंबर को भट्ट दंपती को मुंबई से गिरफ्तार किया था। वर्तमान में दोनों 7 दिन की पुलिस रिमांड पर हैं।
पुलिस ने रिमांड के दौरान यह तर्क दिया था कि मुंबई–उदयपुर की दूरी और दस्तावेज बरामदगी में अपेक्षित समय को देखते हुए विस्तृत जांच के लिए लंबा समय आवश्यक है। अदालत ने इसे स्वीकार करते हुए 7 दिन का रिमांड दिया। जांच के शुरुआती चरण में मुंबई से गिरफ्तार किए गए वेंडर संदीप को सशर्त जमानत मिल चुकी है, जबकि को-प्रोड्यूसर महबूब अंसारी की जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी।
