प्रतापगढ़ में हनीट्रैप गैंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Share
मुख्य महिला साजिशकर्ता गिरफ्तार, छह आरोपी पहले ही दबोचे जा चुके
प्रतापगढ़, 12 दिसम्बर: प्रतापगढ़ पुलिस ने हनीट्रैप के एक संगठित मामले में मुख्य महिला साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर चल रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और डीएसपी रामेश्वरलाल के नेतृत्व में उप निरीक्षक नारायण लाल व उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। मामला छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र के नाराणी निवासी भगतराम कुमावत द्वारा 4 जनवरी 2025 को दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। कुमावत ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उन्हें हनीट्रैप में फंसाकर धमकाया और 60 हजार रुपए नकद तथा डेढ़ लाख रुपए का स्टाम्प लिखवा कर अवैध रूप से वसूली करने की कोशिश की।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जांच के दौरान अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुख्य साजिशकर्ता हुलासी बाई (54) पत्नी रमेश चंद्र माली, निवासी माली मोहल्ला, छोटीसादड़ी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले में शेष आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
