उदयपुर में नव नियुक्त एएनएम को मिला नियमित टीकाकरण का विशेष प्रशिक्षण
Share
उदयपुर, 13 दिसंबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नव नियुक्त एएनएम के लिए दो दिवसीय नियमित टीकाकरण प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य टीकाकरण कार्यक्रम की गुणवत्ता बढ़ाना, सही रिपोर्टिंग सुनिश्चित करना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मानकों की जानकारी देना रहा।
सीसीआरटी के हॉल में आयोजित दो दिवसीय नियमित टीकाकरण प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का शनिवार को समापन हुआ। कार्यशाला में जिले के सभी ब्लॉकों से लगभग 100 नव नियुक्त एएनएम ने भाग लिया। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से एएनएम को टीकाकरण से जुड़ी नवीनतम जानकारियां दी गईं।
आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने समस्त एएनएम को सही व समय पर रिपोर्टिंग के दिशा-निर्देश दिए। शहर प्रभारी उप निदेशक डॉ. कैलाश शर्मा ने राष्ट्रीय टीकाकरण सारणी, एईएफआई (टीकाकरण के बाद प्रतिकूल प्रभाव) और कोल्ड चेन से जुड़े तकनीकी अपडेट साझा किए।
राइस प्रोजेक्ट ऑफिसर नीरज मिश्रा ने राइस परियोजना की विस्तृत जानकारी दी, वहीं डब्ल्यूएचओ के फील्ड मैनेजर गिरीश मेघवाल ने हैंड काउंट सर्वे और माइक्रो प्लानिंग पर प्रकाश डाला। खुशी बेबी के ब्लॉक कोर्डिनेटर अशोक नामा ने टीकाकरण सत्र और योग्य दंपती सर्वे की ऑनलाइन एंट्री की प्रक्रिया समझाई। इस अवसर पर चंदन राजपूत, एलएचवी मैना पांचाल आदि उपस्थित रहे।
