एक तो बस सेवा नहीं, ऊपर से क्षेत्रवासियों पर मुकदमा, देलवाड़ा रहा बंद
Share
परिवहन निगम द्वारा दर्ज मुकदमे के कड़ा विरोध
कस्बेवासियों ने जताया आक्रोश
राजसमंद, 13 दिसंबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): परिवहन निगम की बदहाल सेवाओं और इसके विरोध में प्रदर्शन करने वाले लोगों पर दर्ज मुकदमे के खिलाफ शनिवार को देलवाड़ा कस्बे में व्यापक आक्रोश देखने को मिला। रोडवेज प्रशासन द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने के विरोध में कस्बेवासियों ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे और बस स्टैंड पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व परिवहन निगम की सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर कस्बेवासियों ने मजेरा राजमार्ग पर जाकर प्रदर्शन व घेराव किया था। इस दौरान रोड़वेज सेवाएं बाधित होने का हवाला देते हुए परिवहन निगम ने कस्बे के कुछ लोगों के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। इस कार्रवाई से नाराज कस्बेवासियों में रोष फैल गया।
शनिवार को बड़ी संख्या में लोग बस स्टैंड पर एकत्र हुए और वहां से थाने पहुंचे, जहां थानाधिकारी भंवरलाल से मिलकर जनसुविधा के लिए किए गए आंदोलन को अपराध की श्रेणी में रखने पर आपत्ति जताई तथा मुकदमा हटाने की मांग की। थानाधिकारी ने समझाइश करते हुए बताया कि मुकदमा ऑनलाइन दर्ज हुआ है और इसे हटाना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
इस पर कस्बेवासियों ने सोमवार को जिला कलेक्टर से मिलकर अपनी व्यथा रखने का निर्णय लिया। प्रदर्शन के दौरान मंडल भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राणावत, देलवाड़ा प्रशासक मांगीलाल कटारिया, उप सरपंच प्रदीप पालीवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में कस्बेवासी मौजूद रहे।
