LOADING

Type to search

चित्तौड़गढ़ में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठियां चलीं

Local

चित्तौड़गढ़ में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठियां चलीं

Share

मारपीट में एक पक्ष के दो घायल, दोनों ओर से थाने में दर्ज हुए मामले
चित्तौड़गढ़, 15 दिसम्बर
: चित्तौड़गढ़ शहर के समीप लाल जी का खेड़ा गांव में रविवार को आपसी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
आम रास्ते पर रोककर हमला करने का आरोप
सदर थाना क्षेत्र के एएसआई जगवीर सिंह ने बताया कि पहले पक्ष की ओर से लाल जी का खेड़ा निवासी अमरा पुत्र हजारी लोधा ने रिपोर्ट दी है। अमरा ने बताया कि उसका भतीजा रतनलाल अपने पिता के साथ पशुओं को लेकर कुएं की ओर जा रहा था। इसी दौरान आम रास्ते पर कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और लाठी व सरिए लेकर खड़े हो गए। डर के कारण वे पास के एक मकान में चले गए।
अमरा अपने बेटे और भतीजे के साथ वहां पहुंचे और बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक लाठी-सरियों से हमला कर दिया।
लाठी-सरियों से जानलेवा हमला करने का आरोप
पहले पक्ष का कहना है कि सोनू गुर्जर, देवीलाल और पूर्व सरपंच मुकेश गुर्जर सहित अन्य लोगों ने लाठी और सरियों से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में अमरा, उसका बेटा गणपत और भतीजा मुकेश घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दूसरे पक्ष ने खेत में ट्रैक्टर रोककर मारपीट का आरोप लगाया
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से गोपाल गुर्जर निवासी लाल जी का खेड़ा ने भी सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। गोपाल ने बताया कि वह अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसका ट्रैक्टर रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। रिपोर्ट में कई लोगों के नाम बताए गए हैं और बिना वजह हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायलों का उपचार जारी है और फिलहाल स्थिति शांत है। सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *