बांसवाड़ा में फूड प्वाइजनिंग से हड़कंप, एक ही परिवार के 8 लोग बीमार
Share
बैंगन की सब्जी और मक्के की रोटी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
उल्टियां शुरू होते ही सभी को एमजी अस्पताल में कराया भर्ती
बांसवाड़ा, 16 दिसम्बर: बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। बैंगन की सब्जी और मक्के की रोटी खाने के बाद एक ही परिवार के सात सदस्यों समेत कुल आठ लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टियां शुरू होने पर देर रात इलाज के लिए महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना दानपुर थाना क्षेत्र के भाटड़ा पाड़ा गांव की है। सोमवार रात परिवार के सदस्यों ने घर में खेतों से तोड़े गए बैंगन की सब्जी और मक्के की रोटी खाई थी। भोजन करने के कुछ समय बाद ही सभी को तेज उल्टियां और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी।
इसके बाद पूर्व सरपंच ने अपनी निजी गाड़ी से सभी आठ लोगों को छोटी सरवन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे सभी को गंभीर हालत में बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इनकी बिगड़ी तबीयत
बीमार हुए लोगों में वसीया पुत्र रकमा (47), वसु पत्नी वसीया (43), कमलेश (15), रमीला (13), सवीता (16), मीरा (14), आसुराम (8) निवासी भाटड़ा पाड़ा तथा कमलाशंकर पुत्र गलजी (56) निवासी घोड़ी शामिल हैं। सभी मरीजों को एमजी अस्पताल के वार्ड में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने लिए सैंपल
सूचना मिलने पर दानपुर थाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल कृष्णपाल सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि बैंगन घर के खेतों के थे और मक्का दिन में ही पिसवाया गया था। पुलिस ने जांच के लिए घर से बची हुई बैंगन की सब्जी, मक्के की रोटी और मक्के के आटे के सैंपल जब्त किए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फूड प्वाइजनिंग की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
