फिल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट और पत्नी श्वेतांबरी जेल भेजे गए
Share
30 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला: 7 दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेश, जमानत अर्जी खारिज
उदयपुर, 16 दिसम्बर: फिल्म निर्माण के नाम पर 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के चर्चित मामले में बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को सोमवार को कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। 7 दिन की पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद दोनों को उदयपुर की एसीजेएम कोर्ट-4 में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए।
पुलिस की ओर से कोर्ट में जांच पूरी होने का हवाला देते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की गई। वहीं, विक्रम भट्ट के वकील ने भट्ट दंपती के स्वास्थ्य खराब होने का हवाला देते हुए जमानत अर्जी दाखिल की। कोर्ट ने अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी।
गौरतलब है कि उदयपुर एसीजेएम कोर्ट-4 ने 9 दिसंबर को विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था, जिसकी अवधि 16 दिसंबर को समाप्त हो गई।
हाईकोर्ट में आईजी-एसपी की पेशी
इस मामले में राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर की एकलपीठ ने सख्त रुख अपनाया था। कोर्ट के आदेश पर एक दिन पहले उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी योगेश गोयल वर्चुअली कोर्ट के समक्ष पेश हुए थे। हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया और जांच को लेकर आईजी से कई अहम सवाल किए थे। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने मामले के तथ्यों पर गहन विचार किया।
क्या है पूरा मामला
राजस्थान के इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक डॉ. अजय मूर्डिया ने विक्रम भट्ट से फिल्म निर्माण के लिए करीब 42 करोड़ रुपए का कॉन्ट्रैक्ट किया था। बाद में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए 17 नवंबर को उदयपुर में विक्रम भट्ट समेत 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। मामले में उदयपुर पुलिस ने पहले भट्ट के को-प्रोड्यूसर महबूब अंसारी और फर्जी वेंडर संदीप को मुंबई से गिरफ्तार किया था। इसके बाद 7 दिसंबर को विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी को मुंबई स्थित उनके फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। दोनों को 9 दिसंबर को उदयपुर लाकर कोर्ट में पेश किया गया था।
