पैरोल पर गया मादक पदार्थ तस्करी का आरोपी फरार
Share
प्रतापगढ़ जेल से रिहा हुआ था, चित्तौड़गढ़ जिला जेल में करना था सरेंडर
चित्तौड़गढ़, 18 दिसम्बर: एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पैरोल पर रिहा किया गया बंदी तय समय पर जेल में वापस नहीं लौटा, जिससे जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी को पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद चित्तौड़गढ़ जिला जेल में सरेंडर करना था, लेकिन उसने आदेश की अवहेलना की। इसके बाद जेल प्रशासन की ओर से कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया गया है।
गंगरार से हुई थी गिरफ्तारी
कोतवाली थाने के एएसआई अर्जुन लाल ने बताया कि ब्यावर निवासी दिलीप सिंह पुत्र देवी सिंह को वर्ष 2023 में चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार क्षेत्र से एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत चित्तौड़गढ़ जिला जेल भेजा गया, जहां वह विचाराधीन बंदी के रूप में निरुद्ध था। आरोपी के खिलाफ मामला एनडीपीएस प्रकरण संख्या-1 विशेष न्यायाधीश के न्यायालय में विचाराधीन है।
जेल फुल होने पर किया था प्रतापगढ़ शिफ्ट
चित्तौड़गढ़ जिला जेल में बंदियों की संख्या अधिक होने के कारण प्रशासन ने आरोपी को 30 नवंबर 2023 को प्रतापगढ़ जिला जेल स्थानांतरित किया था। वहां रहते हुए आरोपी को अदालत से 21 नवंबर से 5 दिसंबर तक 15 दिन की पैरोल मिली।
हाईकोर्ट से बढ़ी पैरोल, फिर नहीं लौटा
इसके बाद आरोपी ने हाईकोर्ट जोधपुर में पैरोल बढ़ाने की याचिका दायर की, जिस पर पैरोल की अवधि 15 दिसंबर तक बढ़ा दी गई। आदेशानुसार उसे 16 दिसंबर को चित्तौड़गढ़ जिला जेल में सरेंडर करना था, लेकिन वह नहीं पहुंचा। सरेंडर नहीं करने पर जेल प्रहरी सुनीता पत्नी रतनजीत की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
