बांग्लादेश में हिंदू परिवारों पर हमले जारी, चटगांव में घर जलाए गए
Share
ढाका, 23 दिसम्बर: बांग्लादेश के चटगांव जिले में हिंदू अल्पसंख्यकों को निशाना बनाते हुए एक बार फिर हिंसक घटना सामने आई है। सोमवार तड़के करीब 3:45 बजे पश्चिम सुल्तानपुर गांव में दो हिंदू परिवारों के घरों में आग लगा दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने आगजनी से पहले घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, जिससे अंदर सो रहे लोग फंस गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुखा शिल और दिहाड़ी मजदूर अनिल शिल के घरों के कुल सात कमरे जलकर खाक हो गए। घटना के समय घरों में आठ लोग मौजूद थे। बाहर निकलने का रास्ता बंद मिलने पर परिवार के सदस्यों ने बांस और टीन की दीवारें तोड़कर किसी तरह जान बचाई।
आग में पासपोर्ट, घरेलू सामान और 80–90 हजार टका नकद जलने की जानकारी दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ितों को चावल, नकद सहायता व कंबल दिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में हिंदू घरों पर ऐसे हमले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे अल्पसंख्यकों में भय का माहौल है।
